CG Weather Update : नौतपा की तपिश पर बारिश का ब्रेक…! कई जिलों में आंधी-बारिश…तापमान 5 डिग्री तक गिरा
हीटवेव से मिली राहत, इन जिलों में जारी रहेगा अलर्ट
रायपुर, 30 मई। CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच लोगों को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज आंधी और बारिश ने गर्मी का असर कम कर दिया है। कई इलाकों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में अब भी सूरज की तपिश बरकरार है।
सुकमा में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे ज्यादा 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जगदलपुर, दरभा, तोकापाल, कोंडागांव, भानपुरी, अंबिकापुर और सरगुजा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
इन जिलों में चलेगी तेज आंधी
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार मध्य पाकिस्तान से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है।
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
रायपुर में भी मिल सकती है राहत
राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक बादल छाए (CG Weather Update) रहने की संभावना है। शाम तक तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



