
CG Crime: जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने संगठित अपराध पर बड़ी चोट करते हुए ट्रांसफार्मर, कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्य चोरी के माल को ले जाने के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस का रूप देकर पुलिस और आम लोगों को गुमराह करते थे। पुलिस ने इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 17.30 लाख रुपए की चोरी की सामग्री और वाहन जब्त किए हैं।
CG Crime: थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से लगातार हो रही कॉपर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान 13-14 जनवरी 2026 को रोड दुरपा के पास पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलो कॉपर चोरी तथा 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी क्षेत्र से करीब 200 किलो कॉपर वायर चोरी की पुष्टि हुई।
CG Crime: तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले ट्रांसफार्मरों की रेकी करते, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाते और रात के अंधेरे में पिकअप वाहन एवं एम्बुलेंस बनी बोलेरो से चोरी को अंजाम देते थे। चोरी के बाद कॉपर वायर को मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी के कबाड़ में खपाया जाता था।
CG Crime: गिरफ्तार आरोपियों ने मुलमुला, अकलतरा, बलौदाबाजार और बिलासपुर जिलों में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



