महासमुंद, 21 मार्च। Cash Seizure : जिले में अंतरराज्यीय सीमा पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना और बलौदा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल ₹47 लाख 50 हजार नकदी जब्त की गई है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ओडिशा सीमा पर सघन चेकिंग
यह कार्रवाई सरायपाली क्षेत्र में ओडिशा सीमा से लगे पदमपुर और सिरपुर नाका के पास की गई। पुलिस संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच कर रही थी, इसी दौरान दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पहला मामला: 32.50 लाख रुपये बरामद
पहले मामले में पदमपुर (ओडिशा) से आ रही एक सफेद टोयोटा हाईराइडर कार को पलसापाली नाका के पास रोका गया।
वाहन में सवार आशु बंसल (मुरैना) और चालक महेंद्र चौहान (मलाजखंड) की तलाशी लेने पर प्लास्टिक बोरी में रखे ₹32 लाख 50 हजार नकद बरामद हुए। आरोपी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
दूसरा मामला: 15 लाख रुपये जब्त
दूसरे मामले में सिरपुर नाका पर एक XUV कार की जांच के दौरान ₹15 लाख नकद बरामद किए गए। इस वाहन में सवार दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
BNSS के तहत कार्रवाई
दोनों मामलों में आरोपियों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत जप्ती की कार्रवाई की है। साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
अवैध नकदी परिवहन पर सख्ती
महासमुंद पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्रों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हवाला और अवैध लेन-देन पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।