Bulldozer Action : केंदाईख़ार में गरजा प्रशासन का बुलडोजर, बेजा कब्जा कर बनाए गए फार्म हाउस ध्वस्त

News Power Zone
2 Min Read
Oplus_131072

कोरबा, 23 फरवरी 2026। Bulldozer Action जिले के ग्राम केंदाईख़ार, तहसील दर्री में सोमवार को प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। बड़े झाड़ के जंगल मद की जमीन पर कथित तौर पर फार्म हाउस बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिन्हें संयुक्त टीम ने हटाया।

 


यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटघोरा SDM तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन और मौजूदगी में की गई। अभियान में तहसीलदार दर्री, तहसीलदार दीपका, तहसीलदार कटघोरा, नायब तहसीलदार दर्री, पुलिस विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम शामिल रही।
प्रशासन के अनुसार 9 फरवरी 2026 को अतिक्रमणकारियों को बेदखली नोटिस जारी कर 15 फरवरी तक कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समयसीमा बीतने के बाद भी जमीन खाली नहीं की गई, जिसके बाद 23 फरवरी को मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित फार्म हाउस और अन्य व्यावसायिक ढांचे ध्वस्त कर दिए गए।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, निर्माण या व्यावसायिक उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article