Breaking Newsकोलकाता। खुद को पुलिस का सब इंस्पेक्टर (SI) बताकर कोलकाता के एक नामी होटल में ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाऊबाजार थाना क्षेत्र स्थित होटल मैजेस्टिक से एक युवक बिना भुगतान किए चुपचाप फरार हो गया। मामले की शिकायत होटल प्रबंधन ने बोवबाजार पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
Breaking News होटल मैजेस्टिक, 4सी मदन स्ट्रीट के पार्टनर इशान कपूर के अनुसार, आरोपी युवक अनिकेत गुप्ता ने खुद को बिलासपुर साइबर सेल में पदस्थ एसआई बताकर होटल में ठहराव किया। 11 दिसंबर 2025 को चेक-इन करने के बाद वह 5 जनवरी 2026 को बिना किसी सूचना के होटल छोड़कर निकल गया। जाते समय उसने होटल में ठहरने का पूरा बकाया नहीं चुकाया।
होटल प्रबंधन का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी से लगातार संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिकेत गुप्ता छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के वार्ड क्रमांक 18, ब्लॉक कॉलोनी का रहने वाला है।
होटल मैजेस्टिक के अनुसार आरोपी पर कुल 22,424 रुपये का बकाया है। प्रबंधन ने पुलिस को आरोपी का पहचान पत्र और जीआरसी की कॉपी भी सौंप दी है।
बोवबाजार पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी वास्तव में पुलिसकर्मी है या फिर फर्जी पहचान के सहारे ठगी को अंजाम दे रहा था। मामले ने होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों में भी चिंता बढ़ा दी है।



