रायपुर, 19 जनवरी। Union Leadership : छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन (JU) की प्रांतीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन रायपुर के गुढ़ियारी स्थित कल्याण भवन में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। इस बैठक में प्रदेशभर से आए 100 से अधिक पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। अम्बिकापुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई, जगदलपुर और कांकेर सहित कई जिलों की सक्रिय भागीदारी रही।
पुनर्गठन के तहत कोरबा निवासी अनिल द्विवेदी को सर्वसम्मति से प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं धमतरी के अजय बाबर को पुनः प्रांतीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई प्रांतीय कार्यकारिणी का कार्यकाल मार्च 2026 से 2029 तक रहेगा।
नई प्रांतीय कार्यकारिणी
अन्य प्रमुख पदों पर, कोषाध्यक्ष एस.एल. धीवर (धमतरी), संगठन सचिव: अवधेश साहू (रायपुर), प्रचार सचिव: यतींद्र गुप्ता (अम्बिकापुर) कार्यालय सचिव: कान्हा कौशिक (रायपुर), उपाध्यक्ष पद पर जे.पी. पटेल (अम्बिकापुर), सम्मेलाल श्रीवास (कोरबा), यतीश वर्मा (दुर्ग), रीना पुरी गोस्वामी (रायपुर), रामजीत सिंह (जगदलपुर) और पी.वी. सुब्रमण्यम (बिलासपुर) को दायित्व सौंपा गया।
प्रांतीय सचिव के रूप में प्रदीप शर्मा, के.के. जॉर्ज, रवि साइमन, रितेश नागेश, एच.एल. पटेल, अजय बसु, सौरभ खम्परिया और प्रवीण साहू को मनोनीत किया गया। इसके अलावा संयुक्त सचिव, संयुक्त संगठन सचिव सहित अन्य पदों पर भी व्यापक नियुक्तियां की गईं। उल्लेखनीय है कि नई कार्यकारिणी में 10 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं, जिससे महिला कर्मचारियों की भागीदारी और नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलेगा।
निर्विवाद गठन में वरिष्ठों की भूमिका
इस निर्विवाद गठन में वरिष्ठ पदाधिकारियों सी.के. खांडे, जे.के. श्रीवास्तव, एस.ए. सईद, ए.जे. सिंह, महेश श्रीवास, डी.के. बिसेन, यू.एस. वर्मा, टी.टी. जॉन, वेदराम निर्मलकर और आर.के. राजपूत की अहम भूमिका रही।
कर्मचारियों के मुद्दों पर फोकस
गठन के बाद अपने पहले उद्बोधन में प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि संगठन बेहतर तालमेल और समर्पण के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के साथ शीघ्र बैठक कर कर्मचारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर ठोस चर्चा की जाएगी। वहीं महासचिव अजय बाबर ने बताया कि शेष रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां कर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा तथा एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा।
कोरबा में जोरदार स्वागत
प्रांताध्यक्ष बनने के बाद अनिल द्विवेदी के कोरबा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने देर रात आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। अगले दिन फूलमालाओं और बुके के साथ उनका औपचारिक स्वागत किया गया। कोरबा शाखा की ओर से शाम को अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया। नई प्रांतीय कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन में उत्साह का माहौल है और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।