क्राइम

Big Action : ऑपरेशन ‘साइबर शील्ड’ में बड़ी सफलता…वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 58 लाख की ठगी, दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायपुर, 15 फरवरी। Big Action : रेंज साइबर पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर 58 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य आरोपितों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित आशीष परिहार (28 वर्ष, नसीराबाद, अजमेर) और लक्ष्मन देवासी (37 वर्ष, पाली, राजस्थान) लंबे समय से फरार चल रहे थे। दोनों के खिलाफ देशभर के 13 साइबर सेल और थानों में प्रकरण दर्ज हैं।

आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम एप से जुड़े डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लोगों को ‘टास्क’, ‘लाइक’ और ‘रिव्यू’ जॉब का लालच देता था। शुरुआत में छोटी रकम लौटाकर पीड़ितों का भरोसा जीता जाता और बाद में बड़ी राशि निवेश के नाम पर जमा कराकर संपर्क तोड़ दिया जाता था।

थाना राखी में पारस कुमार धीवर से 24 लाख रुपये और थाना धरसीवां में ललित साहू से 34 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस टीम को राजस्थान और महाराष्ट्र भेजा गया। इससे पहले गिरोह के तीन अन्य सदस्य भवानी सिंह, उत्पल पंचारिया और साहिल संतोष को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस के अनुसार आरोपित बैंक खातों के जरिए रकम को कई स्तरों पर ट्रांसफर कर ट्रैकिंग से बचने की कोशिश करते थे। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन नौकरी या निवेश प्रस्ताव में अग्रिम शुल्क न दें, अनजान लिंक या ओटीपी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button