ACB Action : ACB का बड़ा एक्शन…! ट्रांसफार्मर के नाम पर रिश्वतखोरी…बिजली विभाग के 3 अफसर रंगे हाथ गिरफ्तार
बिजली विभाग में भ्रष्टाचार बेनकाब
जांजगीर-चांपा, 21 मार्च। ACB Action : छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिजली विभाग के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। ये अधिकारी एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट के लिए ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के नाम पर 35 हजार रुपए मांग रहे थे।
पीड़ित उपभोक्ता प्रदीप यादव ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि बिजली कनेक्शन से जुड़े काम के लिए उनसे रिश्वत मांगी जा रही है। जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया।
योजना के तहत शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपए सब-इंजीनियर को और 25 हजार रुपए असिस्टेंट इंजीनियर के सहायक को दिए। जैसे ही पैसे का लेनदेन हुआ, पहले से मौजूद टीम ने तुरंत तीनों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में असिस्टेंट इंजीनियर विजय नोरगे, डिप्टी इंजीनियर राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से पूरी रिश्वत राशि भी बरामद की गई।
डीएसपी अजितेश सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने ट्रांसफार्मर लगाने, मीटर इंस्टॉल करने और कनेक्शन जल्दी देने के बदले पैसे मांगे थे। संकेत हैं कि इस तरह की वसूली लंबे समय से चल रही थी। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत केस दर्ज किया गया है।



