22 महिलाएं बनीं विधायक, 2019 के मुकाबले घटा महिलाओं का प्रतिनिधित्व

News Power Zone
2 Min Read

न्यूज डेस्क।साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुल 22 महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जबकि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में 24 महिलाएं विधायक बनी थीं।

इसके बाद हुए उपचुनावों में महिला विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई थी। मगर इस चुनाव में महिला विधायकों की संख्या घटकर 22 हो गई है। नई गठित होने वाली 15वीं विधानसभा में महिला विधायकों का सदन में प्रतिनिधित्व केवल 6.06 प्रतिशत होगा। राज्य की 288 सीटों पर कुल 4136 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें 3771 पुरुष, 363 महिला और 2 किन्नर उम्मीदवारों का समावेश है। इस चुनाव में भाजपा ने सबसे अधिक 17 सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवारी दी थी। इसमें से भाजपा की 15 महिलाएं चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं, जबकि 2 महिला प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है।

 

राकांपा (अजित) की 5 महिला उम्मीदवारों में से 4 को जीत मिली है, जबकि एक महिला प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा है। शिवसेना (शिंदे) की 8 महिला उम्मीदवारों में से 2 विधायक बनी हैं, जबकि शिवसेना (शिंदे) की 6 महिला उम्मीदवार हार गई हैं। साल 2029 के विधानसभा चुनाव के दौरान 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने की संभावना है, लेकिन उससे पहले हुए इस चुनाव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व घट गया है।

कांग्रेस की एक उम्मीदवार जीती : दूसरी ओर कांग्रेस की 8 महिला उम्मीदवारों में से केवल एक महिला उम्मीदवार चुनाव जीत सकी है, जबकि राकांपा (शरद) की 11 महिला उम्मीदवार और शिवसेना (उद्धव) की 10 महिला उम्मीदवारों में से किसी को भी जीत नहीं मिली है।

Share This Article