रायपुर, 14 सितंबर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने कबीरधाम जिले के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा सोमवार को उनके घर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही हादसे में घायल लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली।

बांधाटोला पहुंचकर मृतक गनेशिया पटेल को दी श्रद्धांजलि
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम बांधाटोला पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में दिवंगत गनेशिया पटेल, उम्र 26 वर्ष, के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसी हादसे में परिवार के मुकेश पटेल, उम्र 5 वर्ष और डाली पटेल, उम्र 2 वर्ष घायल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री ने दोनों घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसी गांव में उन्होंने घायल ललिता पटेल, उम्र 26 वर्ष, तन्मय पटेल, उम्र 2 वर्ष और रामप्यारी पटेल, उम्र 50 वर्ष के परिवार से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
विचारपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को श्रद्धांजलि
इसके बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम विचारपुर पहुंचे। यहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों मीनाक्षी वर्मा, उम्र 25 वर्ष, सरिता वर्मा, उम्र 25 वर्ष और ग्रीशा वर्मा, उम्र 2 वर्ष का निधन हुआ है। उन्होंने दिवंगतों के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
बीजा बैरागी में भी शोक संतप्त परिवार से मिले
उप मुख्यमंत्री ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी पहुंचकर सड़क हादसे में दिवंगत कुमारी बाई पटेल, उम्र 40 वर्ष, के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सूरत हादसे में मृत मायाराम पटेल के परिवार से भी मुलाकात
विजय शर्मा ने लोहारा के ग्राम बांधाटोला पहुंचकर सूरत में बड़ी इमारत से गिरने के कारण दिवंगत मायाराम पटेल के निवास पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अपनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक होता है। उन्होंने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।











