Korba Breaking: सीतामढ़ी में रेत का खेल! सुबह 5:30 बजे खनिज विभाग की दबिश, नदी में फंसे मिले वाहन, 9 गाड़ियां जब्त

News Power Zone
3 Min Read

Korba Breaking: सीतामढ़ी में खनिज विभाग की तड़के 5:30 बजे बड़ी कार्रवाई, हसदेव नदी में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन करते 9 वाहन जब्त, कई चालक मौके से फरार।

कोरबा, 12 सितंबर 2026।Korba Breaking हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के बीच खनिज विभाग ने तड़के बड़ी कार्रवाई कर दी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे खनिज उड़नदस्ता दल ने दबिश दी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 9 वाहन जब्त किए गए।

 

नदी में फंसे थे वाहन, कई छोड़कर भागे

 

कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन हसदेव नदी में ही फंसे मिले। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ वाहनों को मौके पर छोड़कर संबंधित लोग फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की मदद लेनी पड़ी।

 

कोतवाली और उरगा जांच चौकी की अभिरक्षा में वाहन

 

जब्त किए गए वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

अवैध रेत कारोबार पर विभाग की नजर

 

खनिज विभाग का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा और शासन के राजस्व को होने वाली संभावित क्षति को रोकना विभाग की प्राथमिकता है।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम समेत अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

सीतामढ़ी की कार्रवाई ने एक बार फिर हसदेव नदी में चल रहे अवैध रेत कारोबार को लेकर उठ रही शिकायतों को सुर्खियों में ला दिया है। अब जब्त वाहनों के प्रकरणों में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर भी नजर रहेगी।

Share This Article