रायपुर, 03 सितंबर। CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज 3 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध से 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
इन जिलों में बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़, बिजली के खंभे तथा कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मिनीमाता बांगो बांध के 5 गेट खोले गए
लगातार बारिश और बांध में बढ़ती आवक के बीच मिनीमाता बांगो बांध से पानी नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा रहा है। 3 सितंबर की सुबह 4:30 बजे बांध का जलस्तर 358.77 मीटर यानी 94.65 प्रतिशत दर्ज किया गया। सुबह 5 बजे बांध के गेट नंबर 4 को 0.70 मीटर, गेट नंबर 5 को 0.80 मीटर, गेट नंबर 6 को 1 मीटर, गेट नंबर 7 को 0.80 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.70 मीटर तक खोला गया। यानी कुल रेडियल गेट ओपनिंग 4 मीटर है।
बांध से 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में
बांध से रेडियल गेट के जरिए करीब 22,529 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से करीब 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में जा रहा है। वहीं बांध में पानी की आवक यानी Inflow 51,331 क्यूसेक दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग के अनुसार जरूरत पड़ने पर आने वाले समय में और गेट भी खोले जा सकते हैं।
बारिश से धान को राहत, सब्जी किसानों की बढ़ी चिंता
प्रदेश में लगातार बारिश से धान की फसल को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि अत्यधिक बारिश से सब्जी उत्पादकों की परेशानी बढ़ सकती है। कई इलाकों में जलभराव और फसल को नुकसान का खतरा भी बना हुआ है। उधर, दुर्ग में बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ गया है। महमरा एनिकट के ऊपर करीब डेढ़ फीट पानी बहने की स्थिति के बीच जल संसाधन विभाग ने 12 गेट खोलकर पानी का प्रवाह नियंत्रित किया है।
मौसम विभाग के अलर्ट और बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति को देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचना भी बेहतर रहेगा।












