Goa Delhi IndiGo Flight Emergency Landing : हवा में इंजन में आई खराबी, गोवा-दिल्ली फ्लाइट की मोपा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

News Power Zone
2 Min Read
Goa-Delhi IndiGo Flight Emergency Landing

नई दिल्ली/गोवा, 01 सितंबर। Goa Delhi IndiGo Flight Emergency Landing : गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 में मंगलवार सुबह उड़ान के दौरान एक इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए विमान को वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद आई परेशानी

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना सामने आई।

स्थिति को देखते हुए विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

ATC ने घोषित की फुल इमरजेंसी

विमान में तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी तैयारियां की गईं। विमान को मोपा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से उतारकर स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया।

10:03 बजे खत्म हुई इमरजेंसी

विमान के सुरक्षित रूप से पार्क होने के बाद ATC ने सुबह करीब 10:03 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी। लैंडिंग के बाद विमान में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी यात्रियों को फिलहाल एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया है।

इंजन में खराबी की वजह का इंतजार

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान के इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी। विमान में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर IndiGo की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। तकनीकी जांच के बाद ही इंजन में आई खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article