Raipur Temple Vandalism Case: शिव-हनुमान मंदिर में प्रतिमा को खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नौकरी नहीं मिलने से था नाराज

News Power Zone
2 Min Read

Raipur Temple Vandalism Case: रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके के पड़ाव स्थित मंदिर में भगवान शिव, हनुमान और साईं बाबा की प्रतिमाएं खंडित करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल के रूप में हुई है।

 

 

गुढ़ियारी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्रवीण लांजेवर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने शिव-हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

 

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत अग्रवाल नौकरी नहीं मिलने से भगवान से नाराज था। पुलिस जांच के अनुसार, हेमंत बेरोजगार था और मंदिर के पास से रोजाना आते-जाते समय भगवान के प्रति नाराजगी रखता था।

 

पुलिस के मुताबिक, उसे लगता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह इसी तरह बेरोजगार रहेगा। इसी नाराजगी में 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे हेमंत घर से छैनी और हथौड़ा लेकर मंदिर पहुंचा।

 

आरोप है कि उसने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमानजी, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह छैनी और हथौड़ा अपने साथ घर ले गया और उन्हें छिपा दिया।

 

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर से घटना में इस्तेमाल छैनी और हथौड़ा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Share This Article