Satna Lokayukta Action : धान खरीदी के भुगतान के बदले ₹96 हजार रिश्वत लेते को-ऑपरेटिव बैंक मैनेजर गिरफ्तार, घर पर लोकायुक्त का ट्रैप
Satna Lokayukta Action : सतना में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप! ₹96 हजार रिश्वत लेते को-ऑपरेटिव बैंक मैनेजर रंगे हाथ गिरफ्तार
सतना, 19 अगस्त। Satna Lokayukta Action : मध्यप्रदेश के सतना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक केसी शर्मा को ₹96 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई बुधवार सुबह प्रेमनगर स्थित बैंक मैनेजर के निजी आवास पर की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम बैंक प्रबंधक को दी, पहले से घात लगाए लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
धान खरीदी के भुगतान के बदले मांगा था कमीशन
मामला धान खरीदी की राशि के भुगतान और उससे संबंधित स्वीकृतियों से जुड़ा बताया जा रहा है। नागौद स्थित सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक सिद्धार्थ ओझा ने इस संबंध में लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, बैंक प्रबंधक केसी शर्मा धान खरीदी की राशि खाते में भेजने और अन्य स्वीकृतियां देने के बदले कुल रकम का 3 प्रतिशत कमीशन मांग रहे थे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कमीशन की रकम करीब एक लाख रुपये बताई गई थी। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर उसने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की।
सत्यापन के बाद बनाई गई ट्रैप की योजना
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होने के बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की गई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने तय रणनीति के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
15 सदस्यीय टीम ने घर पर की घेराबंदी
लोकायुक्त पुलिस ने निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम गठित की। टीम ने बुधवार को बैंक मैनेजर के प्रेमनगर स्थित आवास के आसपास घेराबंदी कर ली।
तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधक को ₹96 हजार दिए। जैसे ही केसी शर्मा ने कथित रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, लोकायुक्त टीम ने तत्काल दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
लोकायुक्त पुलिस ने बैंक मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैप कार्रवाई के बाद संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।















