
Independence Day celebration: नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शनिवार को लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह के मद्देनजर पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की है। लाल किले और आसपास के इलाकों में 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें एआई आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से जोड़ा गया है।

उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने शुक्रवार को बताया कि समारोह के दौरान किसी भी संभावित खतरे या आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना तैयार की गई है। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई है।
लाल किले के अंदर-बाहर मल्टीलेयर सुरक्षा
पुलिस के अनुसार, लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में कई स्तरों पर सुरक्षा जांच की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों के साथ विशेष प्रतिक्रिया दल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। इलाके में लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा जांच की व्यवस्था भी की गई है, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
AI सिस्टम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
लाल किले के अंदर और बाहर लगाए गए 1,000 से अधिक कैमरों की लाइव फीड एक समर्पित नियंत्रण कक्ष से मॉनिटर की जाएगी। एआई आधारित प्रणाली संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ से जुड़े मामलों और कानून-व्यवस्था से संबंधित परिस्थितियों की पहचान में मदद करेगी। किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिक्रिया दल तैयार रखे गए हैं और उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है।
सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित एजेंसियों के साथ पहले ही मॉक ड्रिल के जरिए आपात स्थिति में संयुक्त कार्रवाई की तैयारियों को भी परखा गया है। महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। वह राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे। समारोह को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।







