
कोरबा। Korba Sand Smuggling Breaking News सीतामणी रेत घाट पर रेत का खेल अब सिर्फ अवैध खनन तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि कार्रवाई करने पहुंची माइनिंग टीम के सामने ही दबंगई का नया अध्याय खुल गया। सूत्रों के मुताबिक, अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची खनिज विभाग की टीम के साथ एक ट्रैक्टर मालिक ने कथित तौर पर हुज्जतबाजी और झूमा-झटकी की। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया ट्रैक्टर भी कथित तौर पर जबरन लेकर चला गया।
बताया जा रहा है कि घनश्याम नाम के ट्रैक्टर मालिक ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम से विवाद किया। इसके बाद जिस ट्रैक्टर को विभागीय टीम ने पकड़ा था, उसे कथित तौर पर वहां से भगा ले जाने की बात सामने आ रही है।
अब सवाल यह है कि जब्त वाहन को छुड़ाने की इतनी हिम्मत आखिर आई कहां से? क्या रेत घाटों पर तस्करों का इतना रसूख बढ़ गया है कि सरकारी टीम की कार्रवाई को भी मौके पर ही चुनौती दी जा सके?
सीतामणी घाट पर लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में माइनिंग टीम के साथ कथित बदसलूकी और जब्त ट्रैक्टर को ले जाने की घटना ने विभागीय कार्रवाई और रेत तस्करों के नेटवर्क दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की चर्चा फैलते ही रेत के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि सरकारी अमले से उलझने और जब्त वाहन ले जाने के आरोप पर विभाग क्या कार्रवाई करता है, या फिर रेत घाट की दबंगई की यह कहानी भी फाइलों के ढेर में दबकर रह जाएगी।
फिलहाल सीतामणी घाट पर सवाल सिर्फ रेत का नहीं है, सवाल यह भी है कि कानून की पकड़ मजबूत है या रेत तस्करों की दबंगई?





