CRPF Operation : बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी…! नक्सलियों का ‘बारूद बैंक’ ध्वस्त…जंगल से 6 विस्फोटक डंप बरामद

News Power Zone
2 Min Read
CRPF Operation

बीजापुर, 25 जुलाई। CRPF Operation : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पीड़िया-हिरमगुंडा के जंगलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं एवं 85वीं वाहिनी और 202 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने छह नक्सली विस्फोटक डंप बरामद कर उन्हें नष्ट कर दिया। माना जा रहा है कि इनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और बड़े हमलों की साजिश के लिए किया जाना था।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर 22 जुलाई को संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए 6 माओवादी डंप बरामद किए गए।

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इन डंप में रखी विस्फोटक सामग्री का उपयोग भविष्य में सुरक्षाबलों की आवाजाही वाले मार्गों पर IED बिछाने और बड़े हमलों को अंजाम देने के उद्देश्य से किया जाना था। समय रहते इन डंपों के बरामद होने से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

माओवादी नेटवर्क खत्म करने पर फोकस

हिरमगुंडा और पीड़िया क्षेत्र कभी माओवादियों का मजबूत गढ़ माना जाता था। लेकिन लगातार सुरक्षा अभियानों, नए सुरक्षा कैंपों और प्रशासन की बढ़ती पहुंच के चलते इस इलाके में माओवादी प्रभाव काफी कमजोर हो चुका है। अब सुरक्षा बल जंगलों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटकों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के अभियान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

इस पूरे अभियान के दौरान किसी भी जवान या नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Share This Article