Korba Breaking: बांगो बांध का बढ़ा जलस्तर, कभी भी खुल सकते हैं गेट! हसदेव किनारे बसे गांवों में अलर्ट, संपत्तियां तुरंत हटाने की अपील

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba News, Bango Dam कोरबा में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनी माता बांगो बांध (माचाडोली) का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि जलाशय का स्तर 359.66 मीटर तक पहुंचता है तो बांध के गेट खोले जा सकते हैं, जिससे हसदेव नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाएगा।

कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि 21 जुलाई 2026 की स्थिति में बांगो जलाशय का जलस्तर 354.61 मीटर (71.67 प्रतिशत) दर्ज किया गया है और लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव बढ़ रहा है।

हसदेव किनारे रहने वालों के लिए बड़ा अलर्ट
विभाग ने हसदेव नदी के तट और बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों, खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों से चल-अचल संपत्तियां तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक आई बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

इन गांवों में कराई जाएगी मुनादी

बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। संभावित प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड़, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, नदी किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो बांगो बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं, जिससे हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

Share This Article