कोरबा

Suspicious Death : कोरबा में युवक की संदिग्ध मौत…! खुद को पत्नी बताने वाली महिला अस्पताल से फरार…मोबाइल-आधार सहित सभी दस्तावेज गायब…हत्या की आशंका

पूछताछ शुरू होते ही गायब हुई महिला, जांच तेज


कोरबा, 15 जुलाई। Suspicious Death : कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी 22 वर्षीय अभिषेक कुमार गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में एक महिला के खुद को मृतक की पत्नी बताने और फिर पूछताछ के दौरान अस्पताल से गायब हो जाने से पूरे घटनाक्रम ने रहस्यमयी मोड़ ले लिया है।

जहर सेवन की आशंका, इलाज के दौरान मौत

जानकारी के अनुसार, अभिषेक पिछले दो वर्षों से बिलासपुर की एक शीशा (ग्लास) फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार को गंभीर हालत में उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहर सेवन की आशंका के चलते प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

‘पत्नी’ बताने वाली महिला अचानक हुई लापता

अभिषेक की मौत की सूचना मिलते ही एक महिला अस्पताल पहुंची। उसने खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए दावा किया कि दोनों के दो बच्चे भी हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ शुरू किए जाने के कुछ समय बाद वह अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।

मोबाइल, आधार और दस्तावेज गायब

पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं मिले। उसकी जेब से केवल ₹401 नकद और एक पर्ची बरामद हुई।

पर्ची के नंबर से परिजनों तक पहुंची सूचना

जेब से मिले कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक के पिता नीरज कुमार गौड़ (प्रयागराज) से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद परिजन कटघोरा पहुंचे। परिवार का कहना है कि अभिषेक ने शादी की बात बताई थी, लेकिन लड़की की पहचान और उसके बारे में कोई जानकारी परिवार को नहीं थी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।

Related Articles

Back to top button