Murder Case : चाची ने प्रेमी संग देख लिया तो कर दी हत्या…! अंबिकापुर में भतीजी और बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
CCTV फुटेज से पकड़े गए आरोपी
अंबिकापुर, 07 जून। Murder Case : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही चाची की हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि चाची ने दोनों को एक साथ देख लिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चाची की हत्या करने वाली भतीजी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मृतिका ने एक साथ देख लिया था, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, थाना लखनपुर क्षेत्र में रंजीत लकड़ा (45 वर्ष) निवासी भुईंयापारा, जुना लखनपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मृतिका लक्ष्मी लकड़ा (65 वर्ष) की 31 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। घटना स्थल निरीक्षण के दौरान शव पर चोट और घसीटने के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज की।
CCTV फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में घटना वाली रात एक युवक मृतिका के घर आते-जाते दिखाई दिया। साथ ही मृतिका की भतीजी तेरेसा एक्का भी युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए नजर आई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेरेसा एक्का और उसके प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले मृतिका चाची ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उन्होंने लक्ष्मी लकड़ा को दीवार पर धक्का देकर मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
आरोपी कौन हैं?
- आशीष कुमार गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, निवासी बाजारपारा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा
- तेरेसा एक्का, उम्र 20 वर्ष, निवासी लोसगा, रानीकछार, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा




