कोरबा

Breaking News : फर्जी खातों के जरिए भुगतान का आरोप… वित्तीय अनियमितता की आशंका गहरी

कोरबा, 26 अप्रैल। Breaking News : छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल में वन्य प्राणियों के नाम पर चल रहे विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। बालको रेंज में तालाब निर्माण को लेकर उठे सवालों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर मशीनों के जरिए काम कराया जा रहा है, जबकि कागजों में मजदूरों को भुगतान दिखाया जा रहा है।

जेसीबी से खुदाई, मजदूरों का हक छिना?

जानकारी के अनुसार बालको क्षेत्र के गहनिया में वन्य प्राणियों के लिए तालाब निर्माण कार्य चल रहा है। नियमों के मुताबिक ऐसे कार्यों में स्थानीय मजदूरों को रोजगार दिया जाना चाहिए, लेकिन यहां खुदाई का काम जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को मिलने वाले रोजगार पर असर पड़ा है।

कागजों में मजदूर, जमीन पर मशीन!

सूत्रों का दावा है कि मौके पर काम मशीनों से कराया जा रहा है, लेकिन दस्तावेजों में मजदूरों के नाम दर्ज कर भुगतान दिखाया जा रहा है। इससे मस्टर रोल की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फर्जी खातों से भुगतान का आरोप

मामले में यह भी आरोप है कि भुगतान के लिए ऐसे बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा है, जिनका कार्य से कोई सीधा संबंध नहीं है। इससे वित्तीय अनियमितता की आशंका और गहरा गई है।

निष्पक्ष जांच की मांग तेज

स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला न केवल आर्थिक गड़बड़ी का होगा, बल्कि वन्य संरक्षण और ग्रामीण रोजगार दोनों के साथ बड़ा खिलवाड़ माना जाएगा। अब सबकी नजर वन विभाग की कार्रवाई पर है कि क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button