कोरबा

Municipal Corporation Budget : 915 करोड़ के बजट पर सियासी संग्राम…! ‘कॉपी-पेस्ट’ बनाम ‘विकास का रोडमैप’

नगर निगम की सामान्य सभा में बजट को लेकर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, बहस के बीच उठा पारदर्शिता का मुद्दा

कोरबा, 25 मार्च। Municipal Corporation Budget : नगर निगम की सामान्य सभा में इस बार 915 करोड़ रुपये के बजट को लेकर सियासत जमकर गरमा गई। एक ओर जहां महापौर संजू देवी राजपूत ने इसे शहर के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने वाला “भविष्य का रोडमैप” बताया, वहीं विपक्ष ने इसे “कॉपी-पेस्ट बजट” करार देते हुए तीखा विरोध जताया। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि बजट में सड़क, पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है, जो कोरबा को आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष कृपा राम साहू ने बजट पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसमें कोई नई सोच नहीं है और पिछले साल की योजनाओं को ही दोहराया गया है। उन्होंने कहा कि कई घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित हैं और अधूरे कार्यों का हिसाब दिए बिना नया बजट पेश करना जनता के साथ अन्याय है। सभा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। विपक्ष ने बजट में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए विस्तृत समीक्षा की बात कही, जबकि सत्ता पक्ष ने इसे महज राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। बजट में आय और व्यय के आंकड़ों के बीच अंतर को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे विपक्ष के आरोपों को बल मिल रहा है। फिलहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बजट जमीन पर कितना असर दिखा पाता है या फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच ही सीमित रह जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button