Breaking : बिलासपुर में पुलिसिंग पर हाईलेवल समीक्षा: DGP ने 24 घंटे में लूट सुलझाने की सराहना, गश्त और निगरानी सख्त करने के निर्देश

News Power Zone
4 Min Read

बिलासपुर, 21 फरवरी 2026। पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आज बिलासपुर रेंज के सभागार में अहम बैठक हुई। छत्तीसगढ़ के  DGP पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बिलासपुर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की मौजूदगी में हुई।

बैठक की शुरुआत में आईजी श्री गर्ग ने डीजीपी का स्वागत किया। इसके बाद डीजीपी ने अधिकारियों से सामान्य परिचय लिया और सीधे कानून व्यवस्था व हालिया घटनाओं की समीक्षा पर आए।

24 घंटे में लूट का खुलासा, टीम की तारीफ

डीजीपी ने बिलासपुर के राजकिशोर नगर में सर्राफा व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना पर विस्तार से जानकारी ली। घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को माल मशरूका सहित पकड़ने और अंतर्राज्यीय समन्वय की सराहना की। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए गश्त, पेट्रोलिंग और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि सराफा और बैंक जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों की नियमित जांच हो, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समय-समय पर समीक्षा की जाए। होटल, लॉज और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग को भी व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

थानों को बनाएं संवेदनशील

डीजीपी ने राजपत्रित अधिकारियों को थानों के प्रभावी पर्यवेक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी जाए और थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं रिपोर्ट सुनकर एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नाकाबंदी व्यवस्था में सुधार और संदिग्ध मर्ग प्रकरणों की सूक्ष्म जांच के निर्देश भी दिए गए।

ई-चालान और ई-साक्ष्य पर जोर

संयुक्त संचालक अभियोजन माखनलाल पाण्डेय को विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और आईसीजेएस सिस्टम के तहत ई-चालान व ई-साक्ष्य प्रक्रिया को तेजी से लागू करने के लिए समन्वित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि न्यायालय और थानों के बीच बेहतर तालमेल बन सके।

फायर सेफ्टी और फायर ऑडिट की समीक्षा

बैठक में नगर सेना के उप पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मी चंद्रा वर्मा और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। सिरगिट्टी और मोपका में हुई आगजनी की घटनाओं पर चर्चा करते हुए डीजीपी ने विस्तृत पर्यवेक्षण रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पहले से तैयारी की जा सके।

रेंज स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग

DGP डीजीपी श्री गौतम ने आईजी श्री गर्ग को निर्देश दिया कि रेंज के सभी जिलों में पुलिस कार्यप्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान डीजीपी ने केवल दिशा-निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि अपने अनुभवों और उदाहरणों के माध्यम से पुलिसिंग की बारीकियों पर भी अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। संकेत साफ है कि आने वाले समय में बिलासपुर रेंज में कानून व्यवस्था और अधिक सख्त और जवाबदेह देखने मिलेगा।

Share This Article