
CG News: रायपुर। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने रायपुर रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में रायपुर रेंज के रायपुर (ग्रामीण), महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी और बलौदाबाजार जिलों के पुलिस अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
CG News: बैठक में आईजी ने मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और प्रकरणों की एंड-टू-एंड जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित अपराधों, चिटफंड मामलों और साइबर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर समय-सीमा में निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया। गौवंश तस्करी पर कड़ी कार्रवाई तथा जब्त वाहनों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।
CG News: स्कूलों के आसपास नशे की बिक्री पर सख्ती
आईजी ने स्कूलों के आसपास नशे की बिक्री पर सख्ती बरतने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किशोर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। होली, रमजान सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के आदेश जारी किए गए।
CG News: अवैध पार्किंग पर नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था की निगरानी
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मालवाहक वाहनों की सघन जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आगामी विधानसभा बजट सत्र के दौरान सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने और किसी भी संभावित गुंडा-बलवा की स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।



