बलरामपुर में बवाल : अवैध खनन जांच के दौरान मारपीट, एक आदिवासी की मौत, एसडीएम पर गंभीर आरोप

News Power Zone
3 Min Read
बलरामपुर में बवाल

बलरामपुर, 16 फरवरी। बलरामपुर में बवाल : जिले के कुसमी ब्लॉक अंतर्गत हंसपुर गांव में अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के दौरान हिंसक घटना सामने आई है। आरोप है कि कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया निजी वाहन से कथित तौर पर कुछ निजी लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की। इस घटना में 60 वर्षीय आदिवासी ग्रामीण राम नरेश राम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण अजीत उरांव और आकाश अगरिया घायल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम देर शाम थार वाहन से हंसपुर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे सरना स्थल के पास तीन ग्रामीणों को रोका गया, जो खेत में सिंचाई कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ा और एसडीएम के साथ मौजूद लोगों ने रॉड, डंडे और लात-घूंसों से ग्रामीणों की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां इलाज के दौरान राम नरेश राम की मृत्यु हो गई।

घायलों का कहना है कि उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर लाया जा रहा था और रास्ते में राम नरेश बेहोश हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुसमी थाना और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं।

घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यदि एसडीएम अवैध खनन की जांच पर थे तो वे सरकारी वाहन और राजस्व अमले के साथ क्यों नहीं गए? निजी वाहन और कथित निजी लोगों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद नायब तहसीलदार को मौके पर बुलाया गया। फिलहाल एसडीएम और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों को राजपुर थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।

Share This Article