
कटघोरा/छुरीकला। नगर पंचायत छुरीकला में अटल परिसर निर्माण और मूर्ति स्थापना का काम पूरा करने के बाद भी भुगतान के लिए भटक रहे ठेकेदार ने आखिरकार सड़कों पर उतरने का फैसला कर लिया। अपने ही हक की रकम के लिए परेशान ठेकेदार अनिल अग्रवाल 10 फरवरी से श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए।
हैरानी की बात यह रही कि अनशन के पहले ही दिन विभाग की नींद खुल गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पत्र जारी कर 11 फरवरी को शत प्रतिशत भुगतान करने का भरोसा दिया और अनशन समाप्त करने की अपील की है।
पत्र में उल्लेख है कि उपअभियंता द्वारा प्रस्तुत बिल के आधार पर 11.02.2026 को लेखा परीक्षण उपरांत कार्यालय अवधि में पूरा भुगतान कर दिया जाएगा।
दरअसल वर्ष 2024 में करीब 20 लाख रुपये की लागत से ‘अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना’ का कार्य अग्रवाल एजेंसी, कटघोरा को दिया गया था। ठेकेदार ने अनुबंध के मुताबिक समय पर काम पूरा कर परिसर का हैंडओवर भी कर दिया। लोकार्पण हुए छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 40 प्रतिशत भुगतान ही किया गया। शेष करीब 12 लाख रुपये के लिए ठेकेदार को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े।
बताया जा रहा है कि कई बार निवेदन के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार ठेकेदार ने 9 फरवरी तक भुगतान नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी थी और वादे के मुताबिक 10 फरवरी से धरने पर बैठ गया।
अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर भुगतान की प्रक्रिया पूरी ही करनी थी, तो ठेकेदार को अनशन पर बैठने की नौबत क्यों आई? क्या फाइलें तब तक नहीं चलतीं जब तक कोई भूख हड़ताल पर न बैठ जाए?
फिलहाल सबकी नजरें बुधवार पर टिकी हैं कि वादे के मुताबिक 12 लाख का भुगतान होता है या फिर मामला और तूल पकड़ता है।



