रायपुर

Inspiration For Youth : दुखद खबर…! CGPSC 2018 टॉपर अनिता सोनी का निधन…! शोक में डूबा प्रदेश

युवाओं की प्रेरणा रहीं अनिता सोनी

रायपुर, 03 फरवरी। Inspiration For Youth : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) राज्य सेवा परीक्षा 2018 की टॉपर रहीं राज्य वित्त सेवा की अधिकारी अनिता सोनी के आकस्मिक निधन से पूरा प्रदेश स्तब्ध है। एक काबिल, मेहनती और ईमानदार अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली अनिता सोनी के असमय निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि प्रशासनिक जगत, शैक्षणिक क्षेत्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवा गहरे शोक में हैं।

50 दिनों तक ICU में रहीं भर्ती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिता सोनी इन दिनों अध्ययन अवकाश (स्टडी लीव) पर थीं और फरीदाबाद में पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें पीलिया हो गया। इलाज के लिए उन्हें फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे बीते लगभग 50 दिनों से आईसीयू में भर्ती थीं। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के चलते शनिवार देर रात करीब 2 बजे उनका निधन हो गया।

सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाओं का सैलाब

अनिता सोनी के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाओं की बाढ़ आ गई। प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कई लोगों ने उनके संघर्ष, सादगी और सफलता की मिसाल को याद करते हुए इसे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

CGPSC 2018 की टॉपर थीं अनिता सोनी

अनिता सोनी वर्ष 2018 की CGPSC राज्य सेवा परीक्षा की टॉपर थीं। टॉप रैंक हासिल करने के बावजूद उन्हें डिप्टी कलेक्टर या डीएसपी जैसे पद नहीं मिले थे, जिसे लेकर उस समय काफी चर्चा भी हुई थी। दरअसल, उन्होंने अपनी पोस्ट प्रेफरेंस में डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी का विकल्प नहीं चुना था, जिसके कारण उन्हें राज्य वित्त सेवा मिली। इसके बावजूद उन्होंने अपने पद पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया।

परिवार को देती थीं सफलता का श्रेय

अपने एक साक्षात्कार में अनिता सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर के आशीर्वाद के साथ-साथ अपनी मां भगवती सोनी और पिता आर.एस. सोनी को दिया था। उन्होंने कहा था कि उनके परिवार ने कभी बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं किया और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार का सहयोग और सकारात्मक माहौल ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा।

प्रदेश ने खोया एक प्रेरणास्रोत

अनिता सोनी के आकस्मिक निधन से छत्तीसगढ़ ने एक होनहार अधिकारी और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button