मनेंद्रगढ़, 03 फरवरी। Dummy Rice Mill : जिले में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। प्रशासन की सख्त जांच में डमी राइस मिल का भंडाफोड़ हुआ है। कार्रवाई के दौरान गोयल एग्रो राइस मिल में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद प्रशासन ने मिल को 2 साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
32 टन चावल जब्त
जांच में सामने आया कि बिहार से 32 टन चावल लाकर अवैध रूप से खपाने की तैयारी की जा रही थी। राइस मिल परिसर में अवैध भंडारण का खुलासा हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल चावल जब्त कर लिया।
भौतिक सत्यापन में बड़ा घोटाला
प्रशासन द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 774.04 क्विंटल चावल की भारी कमी पाई गई, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के दौरान राइस मिल में फर्जी दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर में हेराफेरी, नियमों के विपरीत भंडारण, सरकारी दिशा-निर्देशों की खुलेआम अनदेखी जैसी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रशासन की जांच में परत-दर-परत खुलासे हो रहे हैं।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी अनाज (Rice Mill Scam) के साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।