Railway Development : डबल इंजन सरकार का बड़ा तोहफा…! छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए ₹7,470 करोड़ का ऐतिहासिक बजट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जताया आभार
रायपुर, 02 फरवरी। Railway Development : छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के अभूतपूर्व विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹7,470 करोड़ का ऐतिहासिक बजट प्रावधान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सतत और समन्वित प्रयासों के कारण छत्तीसगढ़ आज रेलवे विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009–14 के दौरान जहां रेलवे के लिए वार्षिक औसत बजट मात्र ₹311 करोड़ था, वहीं वर्ष 2026–27 में यह बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है, जो लगभग 24 गुना वृद्धि को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य में ₹51,080 करोड़ की लागत से रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें नए रेल ट्रैक निर्माण, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
24 गुना बढ़ा रेल बजट
उन्होंने कहा कि सुदूर वनांचल बस्तर को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना का शुभारंभ जनजातीय समाज के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक अमूल्य उपहार है, जो क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर के साथ-साथ नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से छत्तीसगढ़ में यात्री रेल सेवाओं की संख्या आने वाले समय में लगभग दोगुनी हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा स्टेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रेस की 2 जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी संचालित की जा रही है, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर व अंडरपास, तथा ‘कवच’ जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना से छत्तीसगढ़ रेलवे विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आम नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।



