Elephant Terror : लकड़ी लेने गए बुजुर्ग की हाथी के हमले में मौत, 100 से अधिक हाथियों से दहशत
वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में रायगढ़ जिले में कुल 101 हाथी विचरण कर रहे
रायगढ़, 02 फरवरी। Elephant Terror : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार में जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय गंगाराम सारथी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गंगाराम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे लकड़ी लेने जंगल गया था। दोपहर लगभग ढाई बजे जंगल में उसका सामना एक विशालकाय हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है, वहीं परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
101 हाथियों की मौजूदगी, खतरा बरकरार
वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में रायगढ़ जिले में कुल 101 हाथी विचरण कर रहे हैं।
रायगढ़ वनमंडल: 59 हाथी
धरमजयगढ़ वनमंडल: 42 हाथी
इनमें 32 नर, 48 मादा और 21 शावक शामिल हैं। चुहकीमार के जंगलों में ही अभी 12 हाथियों का दल सक्रिय है, जिससे आसपास के गांवों पर खतरा बना हुआ है।
रात में दंतैल का उत्पात
बीती रात लैलूंगा रेंज में एक दंतैल हाथी ने टोंगोटोला, झारआमा, पाकरगांव और सागरपाली गांवों में पांच मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा प्रेमनगर और कुडेकेला क्षेत्रों में फसलों और सिंचाई पाइपों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है। वन विभाग की टीमें नुकसान का आंकलन कर रही हैं और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।



