Korba Development : कोरबा के रविशंकर नगर जोन को मिली 3.20 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की सौगात…! मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया भूमिपूजन
शिक्षा और सड़क निर्माण सहित अनेक कार्य होंगे प्रारंभ
रायपुर, 19 जनवरी। Korba Development : नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकर नगर जोन के विभिन्न वार्डों को सोमवार को 3 करोड़ 20 लाख रुपये के नए विकास कार्यों की सौगात प्राप्त हुई। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने मुख्य आतिथ्य में एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान इन सभी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन कार्यक्रमों में उद्योग मंत्री और महापौर ने अधिकारियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने और गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर पालिक निगम द्वारा किए जाने वाले प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं, वार्ड क्र. 34 (दादर रोड से मानिकपुर मुक्तिधाम तक): 1.84 करोड़ रुपये की लागत से कलवर्ट और नाला निर्माण। शासकीय स्कूलों में सुधार: 6 स्कूलों में 36 लाख रुपये की लागत से किचन शेड और 12 स्कूलों में 60 लाख रुपये की लागत से बालक-बालिका शौचालय निर्माण। वार्ड क्र. 33 (मानिकपुर डिपरापारा): 25 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण। वार्ड क्र. 26 (कृष्णानगर की आंतरिक गलियां): 15 लाख रुपये की लागत से सड़क और कलवर्ट निर्माण।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सर्वांगीण विकास के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक सुधार किए जा रहे हैं। स्कूलों में स्वच्छ शौचालय, किचन शेड, अतिरिक्त कक्ष और नवीनीकरण सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि कोरबा में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और प्रदेश सरकार का सहयोग व आशीर्वाद इस दिशा में हमेशा मिलता रहेगा। भूमिपूजन कार्यक्रमों में पार्षद, एमआईसी सदस्य, मण्डल अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।



