कोरबा, 13 जनवरी। Farmer Suicide : जिले में किसानों की बढ़ती परेशानियों का दर्दनाक मामला सामने आया है। झांझ गांव के किसान बैसाखू मरकाम (60) ने मंगलवार को धान नहीं बेच पाने की समस्या से परेशान होकर तहसील कार्यालय के बाहर जहरीला पदार्थ पी लिया। उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामला हरदी बाजार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन रिकॉर्ड में रकबा कम दिखाए जाने के कारण किसान महज 15 क्विंटल धान ही बेच पाए। इसके बाद वह सुधार के लिए तहसील कार्यालय और पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन समाधान नहीं मिला।
कोरबा जिले में यह 24 घंटे के अंदर दूसरी घटना है। इससे पहले एक अन्य किसान ने धान बिक्री के लिए टोकन नहीं मिलने से परेशान होकर कीटनाशक पी लिया था और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
किसानों के आत्महत्या के प्रयास के मामलों को लेकर युवा कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के बाहर कफन ओढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कटघोरा भाजपा विधायक प्रेमचंद पटेल के खिलाफ नारे भी लगाए गए। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने इस घटना को दुखद बताया।
पुलिस और प्रशासन ने कहा कि किसान को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा रही है और धान बिक्री संबंधी समस्याओं का समाधान कराने के प्रयास जारी हैं।












