Collector Review : कलेक्टर ने की नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक…! मॉर्निंग विजिट बढ़ाकर शहरों को स्वच्छ बनाने के निर्देश
कर वसूली और निर्माण कार्यों पर फोकस
कोरबा, 06 जनवरी। Collector Review : कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, कर वसूली और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगर पालिका कटघोरा, दीपका, बाँकी मोंगरा तथा नगर पंचायत पाली और छुरी के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में मॉर्निंग विजिट बढ़ाने और सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का ढेर नहीं लगना चाहिए और सफाई दल नियमित रूप से कार्य करें। घरों की संख्या के अनुसार डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन बढ़ाने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत और लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ को 15 जनवरी तक क्षेत्र में सर्वे कर यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही आवास से वंचित नहीं है।
सम्पत्ति कर वसूली को लेकर कलेक्टर ने भवनों का मूल्यांकन कराकर कर संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही शहरी क्षेत्रों में पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए परीक्षण कर आवश्यकतानुसार मांग पत्र प्रस्तुत करने को कहा। आम नागरिकों से जुड़ी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने और शिकायत मिलने पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और विलंब होने पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन, राजस्व वसूली, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, सामाजिक पेंशन के ई-केवाईसी, स्ट्रीट डॉग रहवास, वैक्सीनेशन, पीएम स्वनिधि तथा अधोसंरचना मद के लंबित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित संबंधित नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और इंजीनियर उपस्थित रहे।



