Rampur Vidhan Sabha : कोरबा पुलिस चौकी में आरक्षक से मारपीट…! विधायक के प्रतिनिधि को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

News Power Zone
2 Min Read
Rampur Vidhan Sabha

कोरबा, 05 जनवरी। Rampur Vidhan Sabha : जिले में पुलिस चौकी के भीतर आरक्षक से मारपीट का मामला सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के प्रतिनिधि जयकिशन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मामला रजगामार पुलिस चौकी से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की रात विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने चौकी में मौजूद स्टाफ के सामने आरक्षक क्रमांक 528 विकास कोसले (थाना करतला में पदस्थ) के साथ गाली-गलौच और हाथापाई की। घटना उस समय हुई जब आरक्षक विकास कोसले अपने फुफेरे भाई राजेन्द्र जांगड़े के साथ रिपोर्ट लिखाने चौकी पहुंचे थे।

बताया गया है कि इससे पहले ओमपुर में मंच के पीछे राजेन्द्र जांगड़े के साथ मारपीट की गई थी और उनके साथ जातिगत अपमान भी किया गया। आरोप है कि शराब के नशे में जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी मामले की रिपोर्ट लिखाने के दौरान जयकिशन पटेल चौकी पहुंचे और आरक्षक से अभद्रता करते हुए मारपीट की।

आरक्षक विकास कोसले की रिपोर्ट पर जयकिशन पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं राजेन्द्र जांगड़े की रिपोर्ट पर इन्हीं धाराओं के साथ-साथ एट्रोसिटी एक्ट के तहत भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आजाक थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हालांकि इस मामले में विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने भी आरक्षक विकास कोसले और राजेन्द्र जांगड़े के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। इस पर दोनों के खिलाफ भी धारा 115(2), 3(5) और 351(3) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

 

Share This Article