Sports Festival : रायपुर में सांसद खेल महोत्सव का समापन…! 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

News Power Zone
3 Min Read
Sports Festival

रायपुर, 26 दिसंबर। Sports Festival : सांसद खेल महोत्सव ‘फिट युवा, विकसित भारत’ का भव्य समापन आज पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समापन समारोह से प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री मनसुख मांडविया सहित देशभर के सांसद वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सुशासन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देते हैं। उन्होंने दोहराया कि खिलाड़ियों के सपनों को पंख देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह महोत्सव करीब चार महीनों तक रायपुर संसदीय क्षेत्र के 36 स्थानों पर आयोजित हुआ, जिसमें स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन की सफलता के लिए उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को बधाई दी।

खेलों को बढ़ावा देने सरकार के बड़े फैसले

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेलों में केवल जीत ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और निरंतर अभ्यास खिलाड़ी को महान बनाते हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने खेल अलंकरण समारोह पुनः शुरू किया है।

  • ओलंपिक में चयन पर 21 लाख रुपये
  • स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पर क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि
  • वर्ष 2026 में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी छत्तीसगढ़ करेगा
  • रायपुर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देश का तीसरा सबसे बड़ा स्टेडियम है, जहां जनवरी से बड़े मैच होंगे

रिकॉर्ड भागीदारी

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 29 अगस्त को हुआ था और इसमें 542 गांवों के 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो देश में रिकॉर्ड भागीदारी है। पारंपरिक और आधुनिक खेलों के साथ-साथ ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी और वरिष्ठ महिलाओं का प्रदर्शन सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा।

विजेताओं को किया गया सम्मान

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया, समूह खेल में प्रथम ₹11,000, द्वितीय ₹5,000। एकल खेल में प्रथम ₹3,100, द्वितीय ₹1,000। साथ ही पदक, प्रशस्ति-पत्र और टी-शर्ट प्रदान की गई। कार्यक्रम में विधायकगण, जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article