Railway Fare : रेलवे का नया किराया संशोधन…! शयनयान और प्रथम श्रेणी में मामूली वृद्धि…उपनगरीय सेवाओं में राहत

News Power Zone
3 Min Read
Railway Fare
नई दिल्ली/रायपुर, दिसंबर। Railway Fare : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की वहन क्षमता और परिचालन स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से 26 दिसंबर 2025 से यात्री किराया ढांचे को युक्तिसंगत करने का निर्णय लिया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस संशोधन का आम यात्रियों पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा।

उपनगरीय सेवाओं को राहत

रेलवे के अनुसार, उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों (उपनगरीय व गैर-उपनगरीय दोनों) के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।

साधारण ट्रेनों में सीमित संशोधन

द्वितीय श्रेणी साधारण (नॉन-एसी) में 215 किमी तक की यात्रा पर कोई किराया वृद्धि नहीं होगी। 216 से 750 किमी तक की दूरी के लिए किराया 5 रुपये। 751 से 1250 किमी के लिए 10 रुपये। 1251 से 1750 किमी के लिए 15 रुपये। 1751 से 2250 किमी के लिए 20 रुपये बढ़ाया गया है। स्लीपर श्रेणी साधारण और प्रथम श्रेणी साधारण में गैर-उपनगरीय यात्राओं के लिए किराया प्रति किमी 1 पैसा बढ़ाया गया है।

मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में मामूली वृद्धि

मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी और एसी दोनों श्रेणियों (स्लीपर, फर्स्ट क्लास, एसी चेयर कार, एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और एसी फर्स्ट क्लास) में किराया प्रति किमी 2 पैसे बढ़ाया गया है। उदाहरण के तौर पर, 500 किमी की यात्रा पर लगभग 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

प्रीमियम ट्रेनों पर भी लागू

यह संशोधन राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, महामाना, गतिमान, अंत्योदय सहित अन्य प्रमुख सेवाओं में श्रेणीवार समान रूप से लागू किया गया है।

अन्य शुल्कों में कोई बदलाव नहीं

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि, आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट शुल्क और अन्य सहायक शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।जीएसटी की व्यवस्था और किराया पूर्णांकन नियम पूर्ववत रहेंगे।

कब से लागू होगा नया किराया

संशोधित किराया केवल 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा। इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर, चाहे यात्रा तिथि बाद की ही क्यों न हो, कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। रेलवे ने बताया कि स्टेशनों पर प्रदर्शित किराया सूचियों को भी 26 दिसंबर 2025 से नए किरायों के अनुसार अद्यतन किया जाएगा।
TAGGED:
Share This Article