कोरबा। गुरु घासीदास जयंती 18 दिसंबर को होने के बावजूद कटघोरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की एफएलएन ट्रेनिंग 16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक निर्धारित किए जाने को लेकर शिक्षकों में नाराजगी है।
शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में गुरु घासीदास बाबा के अनुयायी कार्यरत हैं। ऐसे में जयंती के दिन शिक्षकों को प्रशिक्षण में बुलाने का आदेश उनकी धार्मिक आस्था और भावनाओं के विपरीत बताया जा रहा है। इसे लेकर न केवल गुरु घासीदास बाबा को मानने वाले बल्कि अन्य शिक्षक भी असंतोष जता रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि गुरु घासीदास जयंती उनके लिए आस्था और सम्मान का दिन है, ऐसे अवसर पर ट्रेनिंग रखना अनुचित है।
इस मुद्दे पर जिले के वरिष्ठ शिक्षक विपिन यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी से 18 दिसंबर की एफएलएन ट्रेनिंग का आदेश निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो शिक्षक विरोध के लिए बाध्य होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



