बिलासपुर

CG Silver Jubilee Year : बिलासपुर की कृषि चमकी…! फसल बीमा में रिकॉर्ड बढ़त…PM किसान सम्मान निधि के लाभ में वृद्धि

सिंचाई विस्तार और आधुनिक खेती से जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति हुई मज़बूत

बिलासपुर, 04 दिसंबर। CG Silver Jubilee Year : छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर जिले में किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाएं उल्लेखनीय परिणाम दे रही हैं। कृषि क्षेत्र में एकीकृत खेती प्रणाली, मूल्य संवर्धन, संसाधन संरक्षण, बागवानी विस्तार और कृषि यांत्रिकीकरण जैसे उपायों ने किसानों की आय बढ़ाने तथा उत्पादन क्षमता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2000 से 2025 के बीच राज्य सरकार द्वारा लागू योजनाओं ने जिले की कृषि व्यवस्था को नए आयाम दिए हैं।

फसल बीमा में रिकॉर्ड बढ़त

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में इस वर्ष किसानों की दिलचस्पी लगातार बढ़ी है। खरीफ 2025 में किसानों की संख्या में 11%, ऋणी आवेदनों में 107% तथा बीमित राशि में 23% की वृद्धि दर्ज की गई। रबी सीजन में भी किसानों की संख्या 44% और अऋणी किसानों के आवेदनों में 20% बढ़ोतरी हुई। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि किसानों में योजना के प्रति विश्वास और जागरूकता लगातार बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में मजबूती

वर्ष 2019 में 99,682 किसानों का पंजीयन था, जो 2025 में बढ़कर 1,55,366 हो गया है। अब तक 1,02,353 किसानों को 20वीं किस्त का लाभ मिल चुका है और कुल 2047.06 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

महिला किसानों का तकनीकी कौशल बढ़ा

जिले में महिला किसानों को ड्रोन उपयोग और आधुनिक फसल छिड़काव तकनीक का प्रशिक्षण देकर तकनीकी रूप से सशक्त किया गया है। इससे महिलाओं की उत्पादन क्षमता बढ़ी है तथा उन्नत कृषि तकनीकें गांव-गांव तक पहुंच रही हैं।

फसलों के रकबे और सिंचाई में उल्लेखनीय विस्तार

प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को बड़ा लाभ हुआ है। दलहन, तिलहन, सब्जी और अन्य फसलों के रकबे में 12% से 62% तक वृद्धि हुई। नहर, तालाब, कुएं, नलकूप और नदी-नालों के माध्यम से सिंचित क्षेत्र में 27% से बढ़कर 47% तक विस्तार दर्ज किया गया। इससे जिले में खरीफ और रबी दोनों मौसमों में बेहतर उत्पादन, बढ़ी आय और नई रोजगार संभावनाएं सुनिश्चित हुई हैं।

कृषि विकास में नई ऊंचाइयों की ओर बिलासपुर

रजत जयंती वर्ष में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीक प्रशिक्षण और किसानों की सक्रिय भागीदारी ने बिलासपुर जिले को कृषि विकास के मजबूत मार्ग पर अग्रसर किया है। इन प्रयासों से जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति अधिक सुदृढ़ और आत्मनिर्भर होती जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button