Korba: वाह जी! कोतवाली, तेरी बात है निराली…

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। शहर के पॉश एरिया में हुए जेसीबी से चोरी के बाद जनमानस कहने लगे है वाह जी कोतवाली,गजब है तेरी बात है निराली ..!

दरअसल मुख्य सड़क में स्थित गोदाम की दीवार को जेसीबी से तोड़कर चोरी कर ली जाए और रातभर किसी को भनक तक न लगे, इसे सुनकर आम लोग भी हंसते हुए कहने लगे हैं कि कानून व्यवस्था अब सीरियल की स्क्रिप्ट से भी ज्यादा रहस्यमय चल रही है।

दर्री रोड के कांग्रेसी नेता के गोदाम में हुई इस ‘’जेसीबी’’ कांड ने तो शहर में गपशप की आंधी ला दी है। लोग कह रहे“ये चोरी नहीं, कहानी का ओपनिंग सीन है।”कुछ तो दबी आवाज़ में फुसफुसा रहे।

“भैया, चोरी तो दिखावा है.. असली खेल जमीन का है!” सूत्रधार की मानें तो जिस जमीन पर गोदाम खड़ा है, वह किसी और की प्रापर्टी है। अब कब्जा खाली कराने का सीधा रास्ता शायद भारी पड़ रहा था, तो नया तरीका चुना गया पहले दीवाल तुड़वा दो फिर कथित कब्जाधारी से कब्जा खाली करा लो। हालांकि जमीन खाली तो नही हो पाई बल्कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज हो गई।

पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों की जुबान का तंज भी गहरा है। किसी ने कहा“अरे भई, ये चोरी कम और स्क्रिप्टेड ड्रामा ज्यादा लग रहा है।” दूसरा बोला “जेसीबी से दीवार तोड़कर चोरी हो जाए तो समझ लो कहानी में ट्विस्ट वहीं से शुरू हो गया है।”

पुलिस अपनी जांच में लगी है, मगर शहर की चर्चा तो टर्बो मोड में चल रही है। हर गली में एक नया सवाल, हर सवाल के साथ एक ही जुमला… “वाह जी कोतवाली.. तेरी बात है निराली!”

Share This Article