VIP शराब पार्टी’ पर पुलिस का छापा, युवक ने की हाथापाई, अब पिता-पुत्र पर केस दर्ज

News Power Zone
2 Min Read

सूरत। शहर के पॉश इलाके अल्थान में कथित “वीआईपी शराब पार्टी” पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की है। यह घटना 16 अक्टूबर की रात वेसू क्षेत्र स्थित के.एस. अंतरवन रेस्टोरेंट की है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही पार्टी शुरू होने की तैयारी चल रही थी। मौके से एक कार से बीयर और शराब से भरे थर्माकोल बॉक्स बरामद किए गए।

हाथापाई का वीडियो हुआ वायरल

छापेमारी के दौरान जब पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी, तभी जैनम शाह नामक युवक ने पुलिस उपनिरीक्षक से वीडियो बंद करने को कहा और उनसे हाथापाई करने लगा। इस दौरान उसके पिता समीर शाह और दो महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।

पहले बच निकले, अब फंसे पिता-पुत्र

शुरुआत में पुलिस ने केवल शराब की डिलीवरी करने वाले बृज शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जैनम और उसके पिता समीर शाह पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। उस वक्त डीसीपी डॉ. निधि ठाकुर ने कहा था कि युवक ने माफी मांगी है और वह छात्र है, इसलिए मामला आगे नहीं बढ़ाया गया।
हालांकि, जांच पूरी होने के बाद अब पुलिस ने जैनम शाह और समीर शाह दोनों के खिलाफ दो अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस अब पार्टी आयोजकों की तलाश में

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पार्टी “वीआईपी लोगों” के लिए रखी गई थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पार्टी का आयोजन किसने किया था और शराब की सप्लाई कहां से हुई थी।

Share This Article