Korba : कटघोरा गोली कांड में “यूपी के शूटर” सहित तीन गिरफ्तार, संदिग्ध और संलिप्त आरोपियों की हो रही तलाश

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। सेठों की नगरी कटघोरा में हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। दशहरा से पहले हुई इस बड़ी वारदात ने न केवल व्यापारियों बल्कि आम लोगों को भी दहशत में डाल दिया। अब पुलिस ने इस मामले में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश से आए एक शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद से ही पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी और आसपास के जिलों से लेकर अन्य राज्यों तक नेटवर्क खंगाला जा रहा था। जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाहरी शूटरों को बुलाया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है, जिनके आधार पर पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय स्तर पर भी संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ नाम सामने आ चुके हैं, जो सीधे तौर पर साजिश में शामिल हो सकते हैं। इस बीच, इलाके के लोग अब भी दहशत में हैं और व्यापारी वर्ग पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है और समाज में भय का माहौल पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिली जानकारी से कई छिपे पहलुओं का खुलासा हो सकता है।

Share This Article