“कथित ओएसडी की हकीकत उजागर, एनटीपीसी प्रबंधन को फोन पर धमकी”

News Power Zone
2 Min Read

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत के कार्यकारी निदेशक को फोन पर धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ का ओएसडी बताकर अधिकारियों पर दबाव बना रहा था।

फोन पर दी धमकी

मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी सीपत के कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पांडेय के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम ए.के. सिंह बताया और खुद को मुख्यमंत्री का विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) बताते हुए पावर स्टेशन बंद करवाने तथा मटेरियल गेट के सामने पुलिया निर्माण रोकने की धमकी दी। इस संबंध में एनटीपीसी के अधिकारी जय प्रकाश सत्यकाम ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

खैरागढ़ का निकला आरोपी

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीपत पुलिस ने साइबर सेल की मदद से कॉल की लोकेशन ट्रेस की। आरोपी की पहचान खैरागढ़ निवासी आकाश सिंह राजपूत (39 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मोबाइल फोन जब्त, जेल भेजा गया

पुलिस ने धमकी में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मिथ्या प्रतिरूपण समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Share This Article