BJP organization elections: पांच राज्यों में बीजेपी को मिले नए प्रदेश अध्यक्ष, एमपी में हेमंत खंडेलवाल, महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण और तेलंगाना में विरोध के बावजूद रामचंदर राव BJP प्रदेशाध्यक्ष बने

News Power Zone
2 Min Read

BJP organization elections: नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को 5 राज्य हिमाचल, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष चुन लिए हैं। इसके अलावा एमपी में हेमंत विजय खंडेलवाल ने भी निर्विरोध नामांकन भरा। बुधवार को उनकी जीत का ऐलान किया जाएगा।

हिमाचल में राजीव बिंदल को तीसरी बार कमान दी गई है। वहीं, महेंद्र भट्‌ट दूसरी बार उत्तराखंड अध्यक्ष बने। महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण, आंध्रप्रदेश में पीएनवी माधव और तेलंगाना में रामचंदर राव को चुना गया है। तेलंगाना में रामचंदर राव को प्रत्याशी बनाए जाने पर विवाद हुआ था। गोशामहल से विधायक टी राजा ने विरोध करते हुए सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

बता दें कि 2 दिन में 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी। भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 50% राज्यों में चुनाव होने के बाद ही होता है। फिलहाल भाजपा की 37 मान्यता प्राप्त स्टेट यूनिट हैं। इनमें से अब तक 14 राज्यों में अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। बुधवार को 19 राज्यों के अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे।

BJP organization elections: नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका

बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा का कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। वह एक्सटेंशन पर हैं। वहीं, वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं, इस वजह से भाजपा जल्द नया अध्यक्ष चुनने की तैयारी में जुटी है। जेपी नड्डा को 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और जनवरी 2020 में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

Share This Article