कोरबा जिले में नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के तहत 11 फरवरी को मतदान होगा। जिले के 425 मतदान केंद्रों में पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी महिला मतदान दलों को सौंपी गई है।
मतदान कराने की जिम्मेदारी मिलने से महिला मतदान दलों में उत्साह देखा गया। पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान दल क्रमांक 01, 02 एवं 03 तक सभी महिलाएं इस भूमिका को निभाने के लिए तैयार हैं।
सुबह से ही महिला मतदान दलों ने ईवीएम लेकर मतदान केंद्रों की ओर प्रस्थान किया। कोरबा नगर निगम और बांकीमोंगरा के मतदान दल झगरहा आईटी कॉलेज से रवाना हुए, जबकि अन्य नगरीय निकायों के लिए अलग-अलग स्थानों से मतदान दलों को भेजा गया।
कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की उपस्थिति में मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अधिकारियों ने महिला मतदान कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
मतदान प्रक्रिया की जिम्मेदारी मिलने पर महिलाओं ने गर्व और खुशी जताई। पीठासीन अधिकारी किरण यादव ने कहा कि वे इसे निष्ठापूर्वक निभाएंगी। सरोज केसरी भगत और नेहा सिंह ने भी इस जिम्मेदारी को लेकर उत्साह जताया।
कोरबा जिले में कुल 1903 महिला मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। कोरबा नगर निगम के 297 बूथों पर 1188 महिला कर्मचारी तैनात की गई हैं, जबकि अन्य नगरीय निकायों में भी बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएंगी।
जिले में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। सभी महिला मतदान दल पूरी तैयारी के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए रवाना हो चुके हैं।