जानें कौन है कांग्रेस महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी, जिन्होंने 10 साल पहले टिकट के लिए बगावत किया और अब...

छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने रविवार की देर रात महापौर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। कोरबा नगर निगम की सामान्य महिला सीट के लिए कांग्रेस ने उषा तिवारी पर अपना दांव खेला है।

पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पिछले 35 वर्षो से कांग्रेस में सक्रिय राजनीति कर रही उषा तिवारी ने साल 2014 के नगर निगम चुनाव में सामान्य वर्ग महिला के लिए सीट आरक्षित होने पर टिकट की दावेदारी की थी।

लेकिन उस वक्त पार्टी ने उषा तिवारी को दरकिनार कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की पत्नी रेणु अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया था। जिसके बाद उषा तिवारी ने पार्टी के इस फैसले पर बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में ताल ठोक दी थी।

अब कांग्रेस ने 10 साल बाद उषा तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है।

छत्तीसगढ़ की हाई प्रोफाइल सीटों में कोरबा नगर निगम का नाम भी सुमार है। इस सीट की राजनीति पर पूरे प्रदेश की नजर रहती है।

आपको बता दे मौजूदा वक्त में बीजेपी ने जहां पूर्वांचल से आने वाली संजू देवी राजपूत को महापौर का प्रत्याशी बनाया है।

वहीं कांग्रेस ने ब्राम्हण समाज से आने वाली उषा तिवारी को अपना कैंडिडेट बनाकर मैदान में उतारा है। प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद अब कोरबा नगर निगम में चुनावी रण सीधे तौर पर पूर्वांचल बनाम ब्राम्हण समाज के बीच सीधे नजर आ रहा है।

राजनीतिक जानकारों की माने तो दोनों प्रत्याशियों को अपने समाज के वोट के साथ अन्य समाज के वोट बैंक पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

इसके साथ ही पिछले 10 साल में निगम की सत्ता में कांग्रेस के कार्यकाल का असर भी चुनाव परिणाम पर डाल सकता है।