
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई। श्रीसन फार्मास्युटिकल के मालिक गोविंदन रंगनाथन को SIT ने चेन्नई से गिरफ्तार कर परासिया लाया। दोपहर 2 बजे के बाद कोर्ट में पेशी होगी।
भोपाल/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से 25 बच्चों की मौत के मामले में जांच कर रही एसआईटी की टीम दवा कंपनी श्रीसन फार्मास्युटिकल के मालिक गोविंदन रंगनाथन को लेकर परासिया पहुंच गई है। टीम फिलहाल परासिया थाने में मौजूद है और दोपहर 2 बजे के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसआईटी ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात रंगनाथन को तमिलनाडु के चेन्नई से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे फ्लाइट से नागपुर लेकर आई और शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे छिंदवाड़ा पहुंची।
बताया गया है कि श्रीसन फार्मास्युटिकल कंपनी द्वारा निर्मित कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुर्णा में अब तक 25 बच्चों की मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद राज्य सरकार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।



